Friday, October 18, 2024

पुरुष बोले- सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो हम विरोध करेंगे, जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदर्शन करने पहुंचे युवा,पुलिस ने गेट बंद कर रोका

Must read

ग्रेड थर्ड टीचर भर्ती में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के खिलाफ गुरुवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शन करने पहुंचे। जिन्हें पुलिस टीम ने शहीद स्मारक में ही बंद कर दिया। प्रदर्शनकारी युवाओं ने कहा कि अगर सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे। क्योंकि यह पुरुष विरोधी फैसला है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शनकारी युवाओं ने कहा कि राजस्थान में पहले से ही महिलाओं को ग्रेड थर्ड टीचर भर्ती में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा था। इसे बढ़ाकर बेवजह सरकार 50 प्रतिशत पर ले गई है। इससे पुरुष अभ्यर्थी के सिलेक्शन की संभावना कम हो रही है। ऐसे में सरकार को इस नियम पर पुनर्विचार कर संशोधन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर फिर भी सरकार इस नियम को लागू करना चाहती है। भजनलाल शर्मा को पहले इसे अपने मंत्रिमंडल में लागू करना चाहिए। जहां पर सिर्फ दो महिलाओं को ही जगह दी गई है। उसके बाद सभी प्रशासनिक पदों पर इस नियम को लागू किया जाए। फिर उसके बाद ग्रेड थर्ड टीचर में इस पॉलिसी को लाया जाए। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो हम सड़क पर उतर इसका विरोध करेंगे।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही मौके पर वॉटर गन भी मंगवाई गई है। दूसरी तरफ प्रदर्शनकारी पैदल मार्च निकालने की तैयारी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने राजस्थान पंचायती राज अधिनियम में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसमें ग्रेड थर्ड शिक्षक भर्ती में महिलाओं के लिए आरक्षण 30 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले से महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिलने की संभावना है। साथ ही सरकार का कहना है कि वे आत्मनिर्भर होकर सशक्त बन सकेंगी।

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article