Home राजनीति भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना ही हमारा लक्ष्य, भाजपा देगी सुशासनः-गजेन्द्र सिंह शेखावत

भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना ही हमारा लक्ष्य, भाजपा देगी सुशासनः-गजेन्द्र सिंह शेखावत

0

डबल इंजन सरकार से राजस्थान को बनाएंगे भारत का ग्रोथ इंजनः-गजेन्द्र सिंह शेखावत

परबतसर (नागौर) जोधपुर। भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान शनिवार को परबतसर नागौर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान की इस नाकारा निकम्मी और भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना ही हमारा लक्ष्य है। राजस्थान भारत के बदलते हुए परिदृश्य में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सके और देश का ग्रोथ इंजन बन सके, इसके लिए राजस्थान में हम डबल इंजन की सरकार बनाएंगे।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार के शासनकाल में महिला उत्पीडन, बदहाल कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपरलीक के दाग प्रदेश की सरकार पर लगे हैं। राजस्थान का किसान बदहाल है, कर्जमाफी का वादा गहलोत सरकार ने पूरा नहीं किया। सरकार की वादा-खिलाफी के चलते 2000 से ज्यादा किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुए हैं। 20,000 किसानों की जमीन नीलाम हो गई। बिजली न मिलने के चलते किसान खून के आंसू रोने के लिए मजबूर है। इस बदहाली की सुध लेने के लिए गिरदावरी करने की आवश्यकता है, क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट उसके बाद हो पाएगा। इसके बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई फसल बीमा योजना का लाभ किसानों को मिल पाएगा। दुर्भाग्य है कि पटवारी, गिरदावरी और रेवेन्यू डिपार्टमेंट के कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण से आज उस दिशा में कोई काम नहीं हो पा रहा है। पत्रकार वार्ता में राज्य सभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व सांसद सी आर चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी, प्रवक्ता अशोक सिंह शेखावत सहित अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खेल से खेती तक, इंजीनियरिंग से सेमीकंडक्टर तक और सोलर एनर्जी से हाइड्रोजन एनर्जी तक भारत को दुनिया का चौंपियन बनाने के लिए काम करते हैं। भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ाने वाली अर्थव्यवस्था बनाते हैं। वहीं दूसरी तरफ गहलोत सरकार राजस्थान का सम्मान निरंतर गिराते हुए राज्य को दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति में लाने का पाप करती है। अब इस पाप का घड़ा भर चुका है। राजस्थान की जनता इस पाप के घड़े को संकल्प की शक्ति के साथ में फोड़ने वाली है। राजस्थान में जिस तरह के हालात आज बने है, समाज के सभी लोग उसे लेकर चिंतित हैं।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि वसुंधरा राजे हमारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। राजस्थान की दो बार मुख्यमंत्री रही हैं। राजस्थान की दो बार नेता प्रतिपक्ष रही हैं। वो हमारे लिए आदरणीय नेता हैं। जहां तक प्रश्न गुटबाजी का है तो हम सब सामूहिक नेतृत्व के आधार पर कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए काम कर रहे हैं। देश के 18 करोड़ भाजपा सदस्यों के नेता नरेंद्र मोदी हैं। सबका चिह्न कमल का फूल है। भारत माता का उत्कर्ष ही हम सबका लक्ष्य है। भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान परिवार में एक करोड़ 80 लाख लोग हैं। हम सब का एक ही संकल्प है कि इस नाकारा , निकम्मी और भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकें।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि चुनाव में टिकट वितरण पार्लियामेंट्री बोर्ड का काम है। कौन व्यक्ति कहां जीत सकता है, कौन व्यक्ति कहां उपयोगी साबित हो सकता है, किस व्यक्ति का संगठन में उपयोग है, किस व्यक्ति का सरकार में उपयोग है या किस व्यक्ति का सदन में उपयोग है, यह तय करना संगठन का काम है। भाजपा सत्ता में आई तो कैसी सरकार देगी? के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छ प्रशासन होगा। अपराध पर लगाम लगेगी। राजस्थान की जो क्षमता है, उस क्षमता के अनुरूप राजस्थान काम करे। राजस्थान विकसित होते भारत का ग्रोथ इंजन बने। इस लक्ष्य को लेकर भाजपा सरकार बनाने के लिए आ रही है।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में भारत में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। जहां तक नाइजीरिया से भारत की तुलना का प्रश्न है तो ये तुलना ही बेमानी है। भारत और नाइजीरिया की जनसंख्या का अंतर देखिए। दोनों की इकोनॉमी की तुलना नहीं की जा सकती। यह कुछ सेब की संतरे से तुलना करने जैसा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here