एन. रघुरामन का कॉलम:पैसे के साथ आपका रिश्ता कैसा है?
हमारे जीवन में पैसे का क्या महत्व है? क्या आपने कभी गौर किया है कि आप पैसे के बारे में किस तरह सोचते हैं? क्या आप इसके बारे में लगातार चिंता करते हैं, क्या पार्टनर के साथ रोज पैसे को लेकर बहस होती है या आपको हमेशा यह लगता है कि ‘पर्याप्त’ पैसा नहीं है? पैसे के साथ हर व्यक्ति का रिश्ता निजी और अलग होता है, लेकिन कुछ ऐसी मानसिकताएं हैं जो एक स्वस्थ वित्तीय जीवन के रास्ते में बाधा बनती हैं। आइए, इन पर गौर करें… 1. नेटवर्थ को सेल्फ-वर्थ न समझें: कई लोग वित्तीय सफलता को इसलिए जरूरी मानते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि समाज उन्हें इसी तराजू में तौलेगा। इसके बिना उनका आत्मविश्वास डगमगाने लगता है। सच यह है कि पैसा कभी स्थायी मानसिक शांति नहीं दे सकता क्योंकि सफलता की परिभाषा हमेशा बदलती रहती है। पहचान, आत्म-सम्मान को बैंक बैलेंस से अलग रखें। आप क्या हैं और आपके पास क्या है, इन दोनों में फर्क करना सीखें। 2. पैसा अकेलेपन या रिजेक्शन का इलाज नहीं कुछ लोग प्यार पाने या दूसरों को प्रभावित करने के लिए ‘अत्यधिक उदार’ बन जाते हैं। वे बिना सोचे-समझे कर्ज देते हैं। वापस मांगने में हिचकिचाते हैं। खुद को आकर्षक दिखाने के लिए फिजूलखर्ची करते हैं। वित्तीय दिखावे के बजाय ईमानदार बातचीत का सहारा लें। आर्थिक सीमाओं को स्पष्ट करें। छोटी-छोटी बातों पर ‘ना’ कहना शुरू करें, ताकि भविष्य में आप बड़े वित्तीय दबावों से बच सकें। 3. जब पैसा संभालना मुश्किल लगने लगे: लॉटरी जीतने वाले 70% लोग कुछ ही सालों में गरीबी के जाल में फंस जाते हैं? वजह पैसे को मैनेज न कर पाना। ऐसे लोग वित्तीय फैसले लेने में देरी करते हैं। लक्ष्य अस्पष्ट होते हैं। शुरुआत छोटे कदमों से करें। बजट बनाना, बचत करना जैसे छोटे बदलाव आपके आत्मविश्वास को बढ़ाएंगे और वित्तीय दक्षता निखारेंगे। 4. पैसा और नैतिकता: क्या दौलत बुरी चीज है?कुछ लोग ‘पैसा हाथ का मैल है’ जैसी धारणाओं में यकीन रखते हैं। खर्च करते समय अपराधबोध महसूस करते हैं। पैसे को एक ‘टूल’ की तरह देखें, किसी नैतिक फैसले की तरह नहीं। यह सोचें कि पैसा मूल्यों और सपनों को पूरा करने में कैसे मदद कर सकता है। मैनेजमेंट टिप: खुद से पूछें: जीवन में पैसे की जगह क्या है? क्या मैं डर से खर्च करता हूं या सुरक्षा के लिए? हम इन भावनाओं को जितनी गहराई से पहचानेंगे, समझेंगे, हमारे लिए सही वित्तीय निर्णय लेना उतना आसान हो जाएगा।