एन. रघुरामन का कॉलम:इन ‘अंडरडॉग’ खिलाड़ियों के बारे में जानकर आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी
अगले महीने दुनिया में हजारों फैन्स इतिहास का सबसे महंगा वर्ल्ड कप देखने अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको पहुंचेंगे। पुरस्कृत किताब सीरीज ‘अनबिलीवेबल फुटबॉल’ के चर्चित ब्रिटिश लेखक मैट ओल्डफील्ड का मानना है कि यदि आप फुटबॉल फैन हैं तो फीफा वर्ल्ड कप-2026 में आपको कई अविश्वसनीय “अंडरडॉग’ खिलाड़ी नजर आ सकते हैं। उनकी अंडरडॉग्स सूची में ये नाम शामिल हैं : 1. फ्रैंको मस्तांतुओनो, अर्जेंटीना, (फीफा वर्ल्ड रैंकिंग-FWR 2) : उन्होंने 16 की उम्र में क्लब डेब्यू किया और एक साल बाद अर्जेंटीना के सबसे युवा सीनियर इंटरनेशनल खिलाड़ी बन गए। 18 की उम्र में वह अर्जेंटीना की मशहूर ‘10’ नंबर टी-शर्ट पहन चुके हैं। पहले यह टी-शर्ट माराडोना पहनते थे, फिर मेसी और अब मस्तांतुओनो।
2. एस्तेवाओ, ब्राजील (FWR 5) : 18 वर्षीय एस्तेवाओ नेमार के बाद ब्राजील के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। 11 मैचों में इंटरनेशनल गोल कर चुके एस्तेवाओ और ज्यादा सफल हो सकते हैं। उनका शानदार सांबा फुटवर्क रोमांचित करेगा।
3. लेनार्ट कार्ल, जर्मनी (FWR 10) : 17 साल के कार्ल ने अभी जर्मनी के लिए सीनियर डेब्यू नहीं किया है। लेकिन बायर्न म्यूनिख के लिए उनकी फॉर्म देखकर लगता है कि निश्चित ही वे जर्मनी के वर्ल्ड कप स्क्वाड में होंगे।
4. गिल्बर्टो मोरा, मैक्सिको (FWR 16) : ये 16 वर्षीय खिलाड़ी ‘वंडर किड’ है। 2025 में मैक्सिको के लिए डेब्यू किया और सिर्फ तीन मैचों में मिडफील्डर लामिन यमाल का रिकॉर्ड तोड़कर सीनियर इंटरनेशनल ट्रॉफी जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।
5. जोहान मंजाम्बी, स्विट्जरलैंड (FWR 18) : 20 साल का ये खिलाड़ी डिफेंस से अटैक तक कहीं भी खेल सकता है। उन्होंने पिछले साल जून में सीनियर इंटरनेशनल डेब्यू किया और तीन गोल कर चुके हैं।
6. जोएल ओर्डोनेज, इक्वाडोर (FWR 23) : क्वालिफाइंग में जब इक्वाडोर अर्जेंटीना के बाद दूसरे स्थान पर रहा तो 22 साल के ओर्डोनेज ने सबको चौंका दिया। यह सेंटर बैक खिलाड़ी अनोखे डिफेंसिव प्रदर्शन के लिए प्रख्यात हैं। कई बड़े क्लबों के खिलाफ उनकी डिफेंसिव क्षमता परखी जा चुकी और वे हर बार खरे उतरे।
7. इब्राहिम माजा, अल्जीरिया (FWR 28) : 20 साल के ये स्ट्राइकर अल्जीरिया के वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग अभियान के स्टार थे। इस युवा मिडफील्ड की सबसे बड़ी ताकत उसकी ड्रिब्लिंग और क्रिएटिविटी है। वह शानदार गोल क्षमता रखते हैं।
8. एंटोनियो नूसा, नॉर्वे (FWR 32) : हर फैन नॉर्वे टीम के एरलिंग हालांड व मार्टिन ओडेगार्ड को जानता है, पर नूसा को वर्ल्ड कप टीम का गुप्त हथियार माना जा रहा है। यदि आपने क्वालिफाइंग राउंड में इटली के खिलाफ उनका वंडर गोल देखा होगा तो मानेंगे।
9. अब्बोसबेक फायजुल्लाएव, उज्बेकिस्तान (FWR 52) : 22 साल की उम्र तक वो देश के लिए 30 मैच खेल चुके हैं व आठ गोल कर चुके हैं। इनमें से ईरान के खिलाफ फ्री किक समेत चार गोल उज्बेकिस्तान के वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग अभियान में ही किए।
10. रोबर्टो लोप्स, केप वर्डे (FWR 67) : आयरलैंड गणराज्य में जन्मे और पले-बढ़े 33 वर्षीय लोप्स सेंटर बैक खेलते थे। 2019 में उन्हें अचानक अफ्रीकी देश केप वर्डे के कोच का मैसेज आया। उनके पिता भी इसी देश से हैं। फिर 2025 में लोप्स ने केप वर्डे को पहली बार वर्ल्ड कप तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
11. इलोय रूम, कुराकाओ (FWR 81) : 37 साल की उम्र में शायद उन्हें लगा होगा कि वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीद अब कम है। लेकिन जमैका के खिलाफ दो मैचों में बिना गोल खाए उनके बेहतरीन प्रदर्शन से कुराकाओ वर्ल्ड कप में पहुंच ही गया।
12. डकेंस नाजोन, हैती (FWR 83) : 32 वर्षीय यह फुर्तीला स्ट्राइकर 44 गोल के रिकॉर्ड के साथ अपने देश का राष्ट्रीय हीरो है। कोस्टारिका के खिलाफ उनकी हैट्रिक ने हैती को वर्ल्डकप के लिए क्वालिफाई करने में मदद की। फंडा यह है कि 11 जून 2026 से शुरू हो रहे दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन को देखने के लिए आप बैठें, उससे पहले बेहतर होगा कि कुछ खिलाड़ियों के नाम और उनकी खूबियां जान लें। इससे दूसरे फैन्स के बीच आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी।