रघुराम राजन का कॉलम:एआई दौड़ में आगे निकलने की होड़ पर अब लगाम लगे
मेरे एक मित्र ने हाल ही में एआई-सेफ्टी का अध्ययन करने के लिए गणित के प्रोफेसर के पद से एक साल की छुट्टी ली है। ओपनएआई ने 722 शोधपत्र जारी कर दावा किया है कि इनमें गणित के 377 ऐसे सवालों के समाधान हैं, जो पहले अनसुलझे थे। ऐसे में मेरे मित्र को चिंता है कि क्या उनके पेशे का कोई भविष्य रह जाएगा? यदि एआई इतनी आसानी से एक प्रतिभाशाली गणितज्ञ की जगह ले सकता है तो हम लोगों को चिंता क्यों नहीं होनी चाहिए? इसका एक जवाब यह हो सकता है कि एआई भले ही गणित या भौतिकी की किसी अनसुलझी समस्या का हल निकाल दे, लेकिन मेरा बैंक अब भी ऐसा भरोसेमंद चैटबॉट नहीं बना पाया है, जो मेरे झुंझलाकर किसी इंसान से बात करवाने की मांग किए बगैर पैसे के लेनदेन की समस्या को सुलझा दे। एआई कंपनियां अपने भावी मॉडलों को और असाधारण शोध क्षमताओं से लैस करने के लिए खुद में सुधार की तकनीकें अपना रही हैं। कुछ उद्योगों में शुरुआती यूजर्स ऐसे बॉट का इस्तेमाल भी कर रहे हैं, जो टेंडर्स पर मोलभाव और बिलों का डिलीवरी से मिलान करने जैसे काम कर रहे हैं। लेकिन कुल मिलाकर मुख्यधारा के कारोबारों में एआई को अपनाने की रफ्तार धीमी है और उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रहीं एआई-क्षमताएं अभी सीमित हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि एआई कंपनियां अधिक उन्नत मॉडल बनाने के लिए इतने ज्यादा कंप्यूटिंग संसाधनों का इस्तेमाल क्यों कर रही हैं, जबकि उनकी क्षमताओं का पूरा लाभ कुछ ही लोग उठा पा रहे हैं? इंटेलिजेंस का कोई नया और तेज स्वरूप बनाने के रोमांच के अलावा एक आम धारणा यह है कि जो एआई लैब सबसे पहले पूरी तरह सेल्फ-इंप्रूविंग मॉडल बना लेगी, उसे ऐसे मॉडल की क्षमताओं का लाभ मिलेगा और वह प्रतिस्पर्धियों से आगे निकल जाएगी। लेकिन फिर भी यह मानना मुश्किल है कि दूसरे प्रतिस्पर्धी जल्दी ही उस तकनीक तक नहीं पहुंच पाएंगे। सबसे आगे रहने वाली कंपनी को एक-दो महीने की बढ़त जरूर मिल सकती है, लेकिन पीछा कर रही कंपनियां भी ऐसी तकनीकें खोज सकती हैं, जिनकी मदद से वे छलांग लगाकर सबसे आगे पहुंच जाएं। अग्रणी मॉडलों की स्थिति में लगातार बदलावों के जरिए एआई की दौड़ में ऐसा ही होता आया है। इसलिए यह मानना मुश्किल है कि कोई एक कंपनी हमेशा के लिए इस क्षेत्र पर दबदबा कायम कर लेगी। खासकर तब, जब कंपनियां एक-दूसरे के कर्मचारियों को अपने यहां नौकरी दे सकती हैं। ऐसा तभी संभव है, जब कोई कंपनी अपने प्रतिस्पर्धियों को पूरी तरह नष्ट कर दे। उम्मीद है कि ऐसा इरादा किसी का नहीं होगा। दूसरी वजह यह हो सकती है कि शीर्ष एआई लैब्स के प्रमुखों में से किसी को भी एक-दूसरे पर यह भरोसा नहीं कि कोई दूसरा इन असाधारण एआई-क्षमताओं से मिलने वाली ताकत को संभाल सकेगा। हर कोई महज जीतने की इच्छा से ही नहीं, बल्कि इस बात से भी प्रेरित है कि इस ताकत का बेहतर इस्तेमाल सिर्फ वही कर सकता है। इस दौड़ को गति देने के पीछे चीन का डर भी है। चीन के एआई मॉडल अमेरिका के अग्रणी मॉडलों से महज कुछ ही महीने पीछे चल रहे हैं। और चीन के बहुत अधिक पिछड़ने की आशंका कम ही है। समाज अब भी बड़े पैमाने पर एआई को अपनाने के लिए तैयार नहीं है। हालांकि अब हमें कंप्यूटिंग क्षमता के विस्तार की गति धीमी करने की कोशिश दिखाई दे सकती है। अमेरिका के कई राजनेता नए डेटा सेंटरों को मंजूरी देने पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। एआई के विकास की गति सामूहिक रूप से धीमी करने से चीन और अमेरिका के बीच इस पर लंबे समय से अपेक्षित चर्चा भी शुरू हो सकती है कि इस तकनीक का इस्तेमाल मानवता के हित में कैसे करें। समाज अभी बड़े पैमाने पर एआई को अपनाने के लिए तैयार नहीं है। हालांकि अब हमें कंप्यूटिंग क्षमता के विस्तार की रफ्तार धीमी करने की एक कोशिश दिखाई दे सकती है। अमेरिका-चीन दोनों को इसमें शामिल होना पड़ेगा।
(@प्रोजेक्ट सिंडिकेट)