पं. विजयशंकर मेहता का कॉलम:चाहे जो पद-प्रतिष्ठा हो, अपने भीतर के भक्त को जीवित रखें
संतों का मानना है बिना गुरु के ईश्वर तक छलांग लगती नहीं है। इसीलिए तुलसी-कबीर ने जब-जब गुरु की बात की थी, उनकी भाषा में धार ही अलग हो गई। वे इसके पक्ष में बड़े अनूठे तर्क देते हैं। गुरु के ही माध्यम से इन दोनों संतों ने समाज और मनुष्य के क्या रिश्ते हो सकते हैं, इस पर खूब अच्छा लिखा है। जब कबीर कहते हैं कि भक्त किसी काम का नहीं होता, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह निकम्मा है। दरअसल, वह सिर्फ भगवान के काम का है, इसलिए समाज के काम में अलग ढंग से आएगा। कबीर के समझाने की भाषा थोड़ी उलटबांसी की है। तुलसी सीधा-सीधा कहते हैं कि जो भक्त है, वह भगवान के काम का है। और जो भी भगवान के काम का है, समाज चाहे तो उसका भरपूर उपयोग कर सकता है। यदि समाज को कुछ नहीं दिया तो भगवान कहेगा मेरे भक्त होने का क्या मतलब है? इसलिए हमारा कोई भी पद हो, कैसी प्रतिष्ठा हो समाज में, पर हम अपने भीतर के भक्त को जीवित रखें, पल्लवित करें और समाज के लिए उपयोग में लाएं।