ब्रह्मा चेलानी का कॉलम:दुनिया में दबदबे की होड़ अब टेक्नोलॉजी में वर्चस्व पर टिकी
कई वर्षों से अमेरिका एडवांस्ड टेक्नोलॉजी तक चीन की पहुंच सीमित करने के लिए कमर कसे हुए है। वह इसके लिए निर्यात-नियंत्रणों का इस्तेमाल करता है। चीन ने बार-बार इन उपायों की निंदा करते हुए इन्हें अपने तकनीकी वर्चस्व की स्थिति को मजबूत बनाए रखने की अमेरिका की खुली कोशिशें बताया है। उसका कहना है कि यह मार्केट-इकोनॉमी के सिद्धांतों के विपरीत है। हालांकि इसी दौरान चीन ने जवाबी कार्रवाई करने की अपनी क्षमता भी लगातार बढ़ाई है। 2021 में चीन ने भी ‘ब्लॉकिंग रूल्स’ जारी किए, जिनका उद्देश्य चीनी संस्थाओं को विदेशी कानूनों व प्रतिबंधों से बचाना था। चीन ने व्यापार युद्ध लड़ने की अपनी क्षमता भी मजबूत की और एकीकृत लाइसेंसिंग व्यवस्था बनाई। निर्यात पर व्यापक नियंत्रण की चीनी नीति अमेरिकी मॉडल पर ही आधारित है। जिस तरह अमेरिका अपने बड़े बाजार और तकनीकी नेतृत्व का इस्तेमाल भू-राजनीतिक उद्देश्यों के लिए करता है, उसी तरह चीन भी महत्वपूर्ण खनिजों, औद्योगिक कच्चे माल और विशिष्ट पूंजीगत वस्तुओं पर अपने प्रभुत्व का लाभ उठा रहा है। लेकिन दोनों में एक महत्वपूर्ण अंतर है : वैश्विक अर्थव्यवस्था में चीन की विशिष्ट स्थिति उसे दूसरे देशों की कमजोरियों का ऐसे फायदा उठाने में सक्षम बनाती है, जैसे अमेरिका नहीं कर सकता। रेयर-अर्थ की प्रोसेसिंग और रिफाइनिंग पर चीन का एकाधिकार तथा अन्य महत्वपूर्ण खनिजों पर उसका प्रभुत्व इसका एक उदाहरण है। इससे उसे इलेक्ट्रिक वाहनों, विंड टर्बाइनों, एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग समेत कई महत्वपूर्ण हाई-टेक उद्योगों पर जबरदस्त दबाव बनाने की ताकत मिलती है। औद्योगिक मशीनरी पर चीन का नियंत्रण और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं में उसकी व्यापक केंद्रीय भूमिका भी उसे दबाव बनाने के अतिरिक्त अवसर देती है। ये सभी चीन के जियो-इकोनॉमिक शस्त्रागार के बेहद ताकतवर हथियार हैं। अप्रैल 2025 में चीन ने अमेरिका को रेयर-अर्थ खनिजों के अधिकांश निर्यात रोक दिए थे। इसके चलते ट्रम्प प्रशासन को टैरिफ बढ़ाने की अपनी प्रक्रिया पलटनी पड़ी थी, ट्रेड युद्धविराम पर बातचीत करनी पड़ी थी और कुल मिलाकर टकराव का रुख छोड़कर समझौते की राह अपनानी पड़ी थी। लेकिन चीन इन हथकंडों का इस्तेमाल केवल अमेरिका के खिलाफ ही नहीं कर रहा है। उसने भारत को भी महत्वपूर्ण खनिजों, मैन्युफैक्चरिंग उपकरणों, सुरंग खोदने वाली मशीनों, औद्योगिक कलपुर्जों, बैटरी तकनीकों और लिथियम-आयन से जुड़े कच्चे माल के निर्यात पर पाबंदियां लगाई हैं। यह भारत को एक वैकल्पिक वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरने से रोकने की स्पष्ट कोशिश है। इसी तरह, चीन ने जापान पर भी निर्यात संबंधी पाबंदियां लगाई हैं। इनमें अमूमन उन जापानी कंपनियों को निशाना बनाया गया है, जिनके संबंध रक्षा उद्योग से हैं। इसका मकसद आर्थिक दबाव बनाकर जापान की सैन्य क्षमता मजबूत करने की कोशिशों को कमजोर करना है। चीन यूरोपियन यूनियन समेत अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ भी इस बढ़त का इस्तेमाल कर सकता है। इससे ईवी का उत्पादन, रिन्यूएबल एनर्जी की परियोजनाएं, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और बुनियादी ढांचे में बड़े निवेश प्रभावित हो सकते हैं। लेकिन यह दांव उल्टा भी पड़ सकता है, क्योंकि इससे दुनिया भर में चीन के औद्योगिक तंत्र पर निर्भरता घटाने की होड़ और तेज होगी और सरकारें अधिक भरोसेमंद देशों की ओर रुख करने के प्रयास तेज करेंगी। मिडिल-पावर्स और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के सामने कुल-मिलाकर इससे असहज स्थिति है। वे न केवल अमेरिका और चीन के आर्थिक दबाव के प्रति संवेदनशील हैं, बल्कि उन पर इस बात का भी जोखिम है कि दोनों महाशक्तियों के बीच होने वाली बातचीत में वे को-लैटरल डैमेज के शिकार बन जाएं। एडवांस्ड टेक्नोलॉजी पर केंद्रित अमेरिका और चीन की प्रतिस्पर्धा अब फैलकर उन कच्चे माल, मशीनरी, औद्योगिक प्रक्रियाओं और आपूर्ति शृंखलाओं पर नियंत्रण की लड़ाई भी बनती जा रही है, जिन पर लगभग हर आधुनिक अर्थव्यवस्था निर्भर है। इस संघर्ष में बाकी दुनिया को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। एडवांस्ड टेक्नोलॉजी पर केंद्रित अमेरिका और चीन की प्रतिस्पर्धा अब उन कच्चे माल, मशीनरी, औद्योगिक प्रक्रियाओं और आपूर्ति शृंखलाओं पर नियंत्रण की लड़ाई भी बनती जा रही है, जिन पर आधुनिक अर्थव्यवस्था निर्भर है।
(@प्रोजेक्ट सिंडिकेट)