नवनीत गुर्जर का कॉलम:आखिर हमारे दिन के आंगन में कब तक रातें उतरती रहेंगी?
आज जो हालात हैं, यह हमारे अपने होंठों से निकली हुई भयानक चीख है।
...और हम जो टूटते चले गए थे, हमने इस चीख को भी टुकड़ों में बांट दिया। जाटों की चीख, ब्राह्मणों और राजपूतों की चीख कह-कहकर इसका नामकरण कर दिया। एक साइंसदां हुए हैं- लेथब्रेज। उन्होंने पेण्डुलम की मदद से जमींदोज शक्तियों की खोज की और अलग-अलग शक्तियों की पहचान के संकेत नियत किए। इन्हीं लेथब्रेज ने उन पत्थरों का मुआयना भी किया, जो कभी किसी प्राचीन जंग में इस्तेमाल हुए थे। उन्होंने पाया इन पत्थरों पर नफरत के आसार इस कदर अंकित हो चुके थे कि उनका पेण्डुलम वही संकेत दे रहा था, जो उसने मौत के लिए दिया था। दरअसल, पत्थर वह भी है, जो किसी को जख्मी करने के लिए इस्तेमाल होता है और वह भी है जो महात्मा बुद्ध का वज्रासन बनता है। पत्थर हमारे खून से भी भीग सकते हैं और हम उन्हें किसी आसन पर बैठाकर उनमें प्राण-प्रतिष्ठा भी कर सकते हैं। हकीकत में पूरी राजनीति ही पत्थर हो चुकी है। क्या पक्ष, क्या विपक्ष! सब अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं। आम आदमी की भलाई की चिंता न पहले किसी को थी, न अब कोई कर रहा है। हम तब भी वैसे ही थे। आज भी वैसे ही हैं। पैसों की आवक जरूर कुछ बढ़ी है, लेकिन महंगाई की मार ने हालात विकट कर दिए हैं। शहरों में जिंदगी का सूरज घबराते हुए रोशनी की खिड़की खोलता है और महंगाई, मार-काट के धुएं का गुबार देख अंधेरे की सीढ़ियां उतरने लगता है। अम्बर निढाल-सा धुंध का हुक्का पीता है। हमारी रातें आज भी काली चीलों की तरह आसमान पर उड़ती हैं। निश्चित ही देशवासियों को यह सवाल तमाम जिम्मेदारों से करना चाहिए कि आखिर इस तरह हमारे दिन के आंगन में कब तक रातें उतरती रहेंगी? स्याह इतिहास के गालों से कौन आंसू पोंछेगा? आजादी के बाद से ही देश ने अच्छी तरह जान लिया है कि पेट की आग के दो ही पक्ष हैं- एक भट्ठी। दूसरा आग। भट्ठी पूरा देश है। और आग तो समर्थ है ही, जिसके सामने किसी का वश नहीं चला। न राज्य सरकार का, न केंद्र का। तुलसीदास कह गए हैं- समरथ को नहीं दोष गुसाईं, रवि पावक सुरसरि की नाईं। आखिर क्यों करोड़ों लोगों को मुफ्त अनाज मिलने के बावजूद वे आत्मदाह पर उतारू हैं? क्यों तमाम सहूलियतों, सौगातों और सुविधाओं के बावजूद देश के कई लोगों की जिंदगी दूभर हो गई है? उनके सूरज की किरणें धुआं फांक रही हैं। उनके साये पिण्ड छुड़ाकर भाग रहे हैं। उनके घर, जैसे अपना ही पता पूछ रहे हों। बिस्तरों पर सन्नाटा पड़ा सो रहा है। उनका चांद, पीपल का सूखा पत्ता। उनकी रातें सांय-सांय। ...और चेहरा जैसे चेहरा नहीं, उसका एहसास भर रह गया है। मजाल है, कोई सरकार, विपक्ष या कोई अन्य जिम्मेदार जाकर अपने ही शहर में परदेसी हुए लोगों से बात भर कर ले, कि इनका दुख हल्का हो जाए! जिंदा कौम के जिंदा रहनुमाओ, जरा आंसू तो पोंछो! भटकते लोगों को कोई जगह तो दो। असंख्य लोग किसी टेंट, किसी रैनबसेरे या फुटपाथ पर पड़े आंसू बहा रहे हैं। आसमान की तरफ सूनी आंखों से देख रहे हैं। अब तो चांद में भी रोटी नजर आती है! ये नेता जो किसी के नहीं हुए, किस मिट्टी के बने हैं? हम ये पूछ तो सकते हैं लेकिन अफसोस, इन्हें चुनने वाले भी हम ही हैं। लगातार। अनवरत। जिम्मेदार हम ही हैं अपनी परेशानियों, जिल्लतों, दुविधाओं के। सही है जब तक ये शरीर है, इन तमाम यातनाओं को भुगतना ही होगा। और कोई चारा नहीं। क्योंकि वोट देने की हमारी तासीर तो बदलने से रही! गुलजार ने इन्हीं हालात पर मौजू लिखा है-
"जिस्म सौ बार जले, तब भी वही मिट्टी का ढेला।
रूह इक बार जलेगी, तो वो कुंदन होगी!'