एन. रघुरामन का कॉलम:मरीज के साथ मजबूती से खड़े होकर हीलिंग को एक सफर बनाएं

Nov 26, 2026 - 02:00 - 14:00  110
एन. रघुरामन का कॉलम:मरीज के साथ मजबूती से खड़े होकर हीलिंग को एक सफर बनाएं
यह पहली बार है जब मैंने 102 सेकंड लंबा कोई ट्रेलर दो बार देखा, वह भी किसी डॉक्यूमेंट्री फिल्म का। शायद इसलिए कि इसने मुझे मेरी मां की याद दिलाई, जिनकी मृत्यु कैंसर से हुई थी। यह ट्रेलर शनिवार को केंसिंग्टन पैलेस के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर रिलीज हुआ, क्योंकि इसकी मुख्य किरदार कोई और नहीं, बल्कि 44 वर्षीय प्रिंसेस ऑफ वेल्स हैं, जिन्हें प्यार से केट कहते हैं। उनका बर्थ-नेम कैथरीन एलिजाबेथ मिडलटन है। 30 मिनट की यह फिल्म अगले रविवार, 29 नवंबर को बीबीसी वन पर दिखाई जाएगी। फिर अमेरिका, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में भी रिलीज होगी। इस साल जून में केट और उनके भाई जेम्स मिडलटन ने 24 घंटे के भीतर इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और वेल्स के तीन सबसे ऊंचे पहाड़ों पर चढ़ाई की। इसका मकसद ब्रिटेन के विश्व प्रसिद्ध स्पेशलिस्ट कैंसर हॉस्पिटल और रिसर्च सेंटर रॉयल मार्सडेन के लिए फंड जुटाना था। 1851 में इसे कैंसर की जांच, इलाज, रिसर्च और एजुकेशन के लिए समर्पित दुनिया के पहले अस्पताल के तौर पर स्थापित किया गया था। ट्रेलर में प्रिंसेस चुनौती पूरी करने के बाद अपने पति प्रिंस विलियम, जो भावी राजा हैं, और बच्चों प्रिंस जॉर्ज, प्रिंसेस शार्लेट और प्रिंस लुइस को गले लगाकर कहती दिखती हैं कि ‘कैंसर आपको बदल देता है। आपको फिजिकली बदल देता है। लेकिन कैंसर का पता चलने से आपमें जो बदलाव आता है, उसका एक बहुत गहरा पहलू भी है। आप जानते हैं कि हीलिंग एक सफर है। कैसे उन चीजों से री-कनेक्ट हों, जिन्हें आप कभी जानते थे। कैसे अनिश्चितता के बीच उम्मीद और खुशी तलाशें। यह साफ है कि हमें जिंदगी की चुनौतियों का सामना अकेले नहीं करना चाहिए। चीजें रिन्यू होकर आगे बढ़ सकती हैं। अकसर दर्द के जरिए ही हमें एहसास होता है कि उसके आगे एक खूबसूरती है।’ इस सफर में केट 11 वर्षीय टेड हैसलम को देखकर हैरान रह जाती हैं, जो लकवाग्रस्त व्हीलचेयर यूजर है और तीन चोटियों की चुनौती में हिस्सा ले रहा है। उसका भाई जेम्स भी केट से ‘रिंगिंग द बेल’ के बारे में बात करते सुनाई देता है। अस्पताल का ट्रीटमेंट सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद कैंसर मरीजों द्वारा यह रस्म निभाई जाती है। ट्रेलर देखते हुए एहसास होता है कि केट को भी 2024 की शुरुआत में कैंसर डायग्नोस हुआ और उन्होंने रॉयल मार्सडेन अस्पताल में इलाज कराया था। केट और विलियम इस अस्पताल के संरक्षक हैं। ट्रेलर की भावुक एंडिंग में केट स्नोडन पर्वत की तलहटी में परिवार से मिलती हैं। अपने बच्चों को चूमने के बाद वह गर्मजोशी से विलियम को गले लगाती हैं। डॉक्यूमेंट्री का नाम है- ‘हील’। प्रिंसेस को उम्मीद है कि फिल्म कैंसर के डायग्नोसिस, रिकवरी और उसके बाद की जिंदगी से गुजर रहे लोगों की मदद करेगी। इससे समग्र कैंसर केयर तक पहुंच बनाने में बदलाव आएगा, जो मरीज की सेहत, सहनशक्ति और जीवन की गुणवत्ता को सहारा देती है। कुल मिलाकर, फिल्म से मैंने सीखा कि जल्दी ठीक होने के लिए निगेटिविटी से दूर रहकर जीएं। ट्रेलर अचानक मुझे 1983 में ले गया, जब मेरी मां का मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में कैंसर ट्रीटमेंट हुआ था। वह 1995 में जीवन की जंग हारने तक वहां जाती रहीं। उस दौर के कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आरएस राव और डॉ. प्रफुल्ल देसाई ने मुझसे कहा था कि ‘ऐसे समय में जब कैंसर का इलाज शुरुआती चरण में था तो विरले ही लोग 12 साल तक सर्वाइव कर पाते थे। उनका इतने लंबे समय तक जीना इसलिए संभव हुआ, क्योंकि परिवार के तौर पर आप सभी एक-दूसरे को मजबूती से थामे रहे।’ फंडा यह है कि कैंसर सिर्फ मरीज के शरीर ही नहीं, बल्कि जीवन के हर पहलू को प्रभावित करता है। इसका असर परिजनों के जीवन पर भी पड़ता है। परिजनों को याद रखना चाहिए कि डायग्नोसिस के बाद भी एक जीवन है। ऐसी बीमारी से लड़ते हुए भी सुकून, हिम्मत और उम्मीद पाने के कई रास्ते होते हैं।