पं. विजयशंकर मेहता का कॉलम:सबको साथ लेकर भी हम निष्काम सेवा कर सकते हैं
एक समय समाज सेवा अलग और राजनीति अलग हुआ करती थी। धीरे-धीरे समाज सेवी संस्थाएं बनीं और ऐसी संस्थाओं में भी राजनीति हो गई। बाद में सेवा वोट बैंक से जुड़ गई। लेकिन देश में कुछ ऐसे समाज सेवक हुए, जिनकी दृष्टि राष्ट्र पर भी थी और समाज पर भी, पर आचरण धार्मिक था। जैसे विवेकानंद कहते थे कि शिष्टता और सेवा में अंतर है। हमने किसी को पढ़ने के लिए धन दिया, बीमारी में मदद की, स्कूल खोले, अनाथालय बनाए- यह अच्छे मनुष्य होने का कर्तव्य है। पर सेवा तब होती है, जब एवज में कुछ लेने की अपेक्षा ना रखें। सबको साथ लेकर सेवा करने का अच्छा उदाहरण है पंचमुखी हनुमान का स्वरूप। हनुमान जी को राक्षस को मारना था। अकेले नहीं मार सकते थे, क्योंकि राक्षस को वरदान था। तो हनुमान जी ने पंच मुख लिए- गरुड़, वराह, नृसिंह, हयग्रीव और स्वयं हनुमान। तो हनुमान जी ने यह सिखाया कि सबको साथ लेकर भी सेवा निष्कामता के साथ की जा सकती है और ऐसी ही सेवा होना चाहिए।