विराग गुप्ता का कॉलम:बाइक टैक्सी के लाभ यात्रियों और गिग वर्कर्स तक भी पहुंचें

Nov 26, 2026 - 02:00 - 14:00  110
विराग गुप्ता का कॉलम:बाइक टैक्सी के लाभ यात्रियों और गिग वर्कर्स तक भी पहुंचें
टैक्स में छूट और नियमों में सरलता से कम्पनियों का लाभ बढ़ने के बावजूद श्रमिकों के वेतन और रोजगार के अवसरों में वृद्धि नहीं हो रही है। इसको लेकर प्रधानमंत्री ने भी हाल ही में चिंता जताई। नियमों में झोल का फायदा उठाकर मुनाफा बढ़ाने वाली कम्पनियां जवाबदेही से कैसे बच रही हैं? बाइक टैक्सी के संदर्भ में इसे 5 पहलुओं से समझा जा सकता है : 1. उबर ने 2013 में लाइसेंस बगैर एप से ऑनलाइन कैब सेवा शुरू की थी। गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन और टैक्सी परमिट के लिए राज्यों को कानूनी अधिकार हैं। केंद्र सरकार ने अक्टूबर 2015 की गाइडलाइन से एप आधारित टैक्सी को एग्रीगेटर का दर्जा देते हुए राज्यों को नियम बनाने की सलाह दी। खस्ताहाल सार्वजनिक परिवहन और टैक्सियों के महंगे लाइसेंस के दौर में ऐसी गाइडलाइंस की आड़ में चुनिंदा कम्पनियों ने परिवहन में एकाधिकार के साथ अरबों का साम्राज्य खड़ा कर लिया है। रैपिडो की वैल्यू 25 हजार करोड़ है, जबकि उबर की 12 लाख करोड़ से ज्यादा है। 2. 2015 में रैपिडो ने बेंगलुरु में बाइक टैक्सी की शुरुआत की। महाराष्ट्र, कर्नाटक और दिल्ली समेत कई राज्यों में सख्ती होने पर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में मुकदमे शुरू हो गए। सरकार ने 2020 में नई गाइडलाइंस जारी कर दीं। कर्नाटक में विशेषज्ञ समिति ने अप्रैल 2019 की रिपोर्ट में बाइक टैक्सी के फायदे, नुकसान और संकट पर विस्तार से जिक्र किया था। उसके अनुसार इनसे ट्रैफिक जाम, अनियमित पार्किंग और प्रदूषण बढ़ रहा है। ड्राइवरों को ट्रेनिंग, पार्टनर्स की सुरक्षा और यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने से रोक के लिए बनाए नियम लागू नहीं हो रहे हैं। 3. करोड़ों ग्राहकों के डेटा के इस्तेमाल से ओला, उबर, रैपिडो ने टैक्सी, फूड डिलीवरी, क्विक कॉमर्स में एकाधिकार हासिल कर लिया है। ये कम्पनियां इंटरमीडियरी होने की आड़ में कानूनों के अनुपालन से बचती हैं। उबर ने दावा किया था कि बाइक टैक्सी के लिए उसे किसी लाइसेंस की जरूरत नहीं है। बाम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस दीपांकर दत्ता के 7 मार्च 2022 के आदेश में इसका जिक्र है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में सरकारी रिपोर्ट से साफ है कि ये कम्पनियां सरकार की 2020 की गाइडलाइंस का पालन नहीं कर रही हैं। इस वजह से गिग वर्कर्स का शोषण बढ़ रहा है। 4. नितिन गडकरी के अनुसार बाइक टैक्सी को सभी राज्यों में अनुमति देने से 15 से 20 करोड़ लोगों की आमदनी बढ़ सकती है। लेकिन कम्पनियों के मुनाफे से यात्रियों और गिग वर्कर्स को लाभान्वित करने के लिए स्पष्ट कानून और केंद्रीय रेगुलेटर जरूरी है। शिकायत निवारण, यात्रियों की सुरक्षा और गिग वर्कर्स के कल्याण से जुड़े कानून पूरे देश में समान तौर पर लागू हों। इसके लिए गाइडलाइंस के बजाय केंद्रीय कानून में संसद से व्यापक बदलाव होने चाहिए। 5. महाराष्ट्र में कम्पनियों ने जरूरी विवरण देने से इंकार करने के साथ ही सभी जगहों पर ऑफिस खोलने से इंकार कर दिया। परिवहन अधिकारियों ने लाइसेंस की अर्जी रिजेक्ट कर दी। ऐसे आदेश के खिलाफ न्यायाधिकरण में अपील की वैधानिक प्रक्रिया है। उसके बजाय व्यवसाय के मौलिक अधिकार की सुरक्षा की आड़ में इन कम्पनियों ने अनुच्छेद 226 और अनुच्छेद 32 की याचिका से हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से राहत हासिल कर ली। कर्नाटक में बाइक टैक्सी के खिलाफ एक जज की पीठ ने अप्रैल 2025 में फैसला दिया था। उसे दो जजों की पीठ ने जनवरी 2026 में निरस्त कर दिया। उसके खिलाफ राज्य सरकार की अपील को सुप्रीम कोर्ट के दो जजों की पीठ ने 4 लाइन के आदेश से खारिज कर दिया है। अगर यह राज्यों का विषय है तो फिर केंद्र सरकार की गाइडलाइंस को अदालत कैसे बाध्यकारी बना सकती है? बाइक टैक्सी को सभी राज्यों में अनुमति देने से 15 से 20 करोड़ लोगों की आमदनी बढ़ सकती है। लेकिन कम्पनियों के मुनाफे से यात्रियों और गिग वर्कर्स को लाभान्वित करने के लिए स्पष्ट कानून और केंद्रीय रेगुलेटर जरूरी है। (ये लेखक के अपने विचार हैं)