पं. विजयशंकर मेहता का कॉलम:धार्मिक विचारों का संचार हमें अपने आचरण से करना होगा
दुष्टता, निर्दयता, कठोरता के दोष स्पष्ट दिखते हैं। दूसरों के प्रति प्रेमपूर्ण रहें, करुणा से भरे हों- हमें ऐसा सिखाया जाता है और सही तरीका भी यही है। लेकिन बारीकी से देखें तो कभी-कभी करुणा करने पर भी परिणाम में गलती हो जाती है। करुणा सदैव हितकारी हो, ऐसा नहीं है। कम से कम बच्चों का लालन-पालन करते समय माता-पिता को अपनी करुणा पर कठोर आवरण चढ़ाना होगा। जिन्होंने बच्चों के प्रति अत्यधिक करुणा की, दया की सीमा लांघी, लाड़-प्यार दिया, वह महंगा पड़ेगा भविष्य में। यहां कुछ कठोरता, निर्दयता लानी पड़ती है। आज हमारे बच्चे धीरे-धीरे पूरी तरह से भौतिक जीवनशैली में उतर जाएंगे। उनके लिए यह परंपरा आश्चर्यजनक होगी कि बड़ों के पैर भी छुए जाते हैं। यदि आपसे बड़ा कोई बात बोले तो उसे सुना जाता है। यह सब सपने की तरह हो जाएंगे कुछ दिन बाद। इसलिए जिस जीवनशैली में अब वो रम जाएंगे, उसमें धार्मिक विचारों का संचार करना हम जैसे लोगों के लिए बड़ी चुनौती होगी। और हमें यह संचार अपने आचरण से करना चाहिए। यह लास्ट बैच नई पीढ़ी को कुछ मूल्यवान देकर जाए।