शेखर गुप्ता का कॉलम:कॉर्पोरेट इंडिया के लिए आगे की डगर क्या?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिक्की की वार्षिक आमसभा में कॉर्पोरेट इंडिया को लेकर चिंताएं जताईं। प्रधानमंत्री गुस्से, हताशा, असहायता तक के भाव में बोल रहे थे। उनका आशय कुछ यह था कि आप लोगों को हरकत में लाने के लिए अब मैं और क्या करूं? यह कुछ-कुछ ऐसा ही था, जैसे कोई फौजी जनरल जोशीली तकरीरें करने और काफी ‘स्पिरिट’ बढ़ाने के बावजूद सामने की पहाड़ी पर कब्जा करने में विफल रही अपनी सेना को फटकार लगा रहा हो। कोई सरकार उद्यमशीलता बढ़ाने के लिए क्या कर सकती है? वह बहुत कुछ कर सकती है- नियंत्रणों से मुक्ति, न्यूनतम सरकारी हस्तक्षेप, बाजार की निगरानी, वित्तीय अनुशासन, लाइसेंस से मुक्ति और निवेश पर प्रतिबंधों से मुक्ति। और ‘स्पिरिट’ बढ़ाने वाले इस पैकेज में टैक्स कटौती बेशक कारगर होती है। प्रधानमंत्री की निराशा की एक बड़ी वजह यह है कि कॉर्पोरेट इंडिया इन लाभों को अपने कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, ज्यादा रोजगार देने या निवेश के रूप में नहीं बांटता। कॉर्पोरेट मुनाफों में वृद्धि के बावजूद ऐसा नहीं हुआ है। यह फौज पहाड़ी पर हमला करने को या तो राजी नहीं है या बहुत डरी हुई है, या टैक्स में छूट को अपनी जेब में डालकर सुरक्षित होने का सुकून महसूस करते रहना चाहती है। प्रधानमंत्री ने जो कहा, उस पर गौर करें। उन्होंने कहा, 2014 में, बेसिक कॉर्पोरेट टैक्स दर 30 फीसदी थी। हमने उसे घटाकर 22 फीसदी किया। आज भारत में 12 लाख की आमदनी पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता। मैं जानता हूं, आप लोग इस पर ताली नहीं बजाएंगे, क्योंकि आपको जितना भी दिया जाए, आपका पेट नहीं भरता। आपने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया? उनकी संख्या बढ़ाई? नहीं। रवैया यह है कि मोदी जी, आप कीजिए, हम देखेंगे। अब कॉर्पोरेट इंडिया अपने घाव सहला रहा है तो कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के शब्दों को लपक लिया है। जयराम रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में इस गतिरोध के लिए व्यवसाय जगत नहीं सरकार को ही जिम्मेदार बताया। इसके लिए उन्होंने भाई-भतीजावादी पूंजीवाद, नियमन की जकड़, भय के माहौल, जांच एजेंसियों को दी गई खुली छूट को जवाबदेह ठहराया। अमेरिका में राहुल गांधी ने भी कहा कि ‘हमने तो कहा ही था’। यहां मैं अर्थव्यवस्था की हालत पर कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं। हम जानते हैं कॉर्पोरेट इंडिया ने 7 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की है, लेकिन वह उसी अनुपात में निवेश, विस्तार नहीं कर रहा है, रोजगार नहीं बढ़ा रहा है। स्टार्ट-अप कंपनियां बढ़ रही हैं लेकिन उद्यमशीलता पर बर्फ पड़ी हुई है। ज्यादातर वृद्धि सरकारी खर्चों, खासकर विशाल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्चों के बूते हो रही है। लेकिन अगर कॉर्पोरेट इंडिया जोखिम उठाने से इतना परहेज करता दिख रहा है, तो यह अचानक नहीं हो गया है। यह मूड वर्षों से है। कुछ लोग मांग में कमी की शिकायत करते हैं, तो कुछ का कहना है कि नियमों ने गला घोंट रखा है। अभी भी कई छोटी-छोटी बातों के लिए कई-कई फॉर्म भरने पड़ते हैं, निर्यात जैसी अच्छी बात की इजाजत के लिए भी। क्योंकि रिजर्व बैंक देश में आने वाले एक-एक डॉलर पर नजर रखना चाहता है। और हां, हर अर्जी की तीन कॉपी भरनी होती हैं। सरकार ने नीतियों में छिटपुट रियायतें की होंगी, लेकिन नौकरशाही की जकड़न और मजबूत ही हुई है। गूगल की मदद लिए बिना फटाफट एक पहेली सुलझाइए। क्या आप खनन मंत्रालय, औषधि मंत्रालय, और इस्पात मंत्रालय के मंत्रियों के नाम बता सकते हैं? मैंने इन तीनों का इसलिए जिक्र किया, क्योंकि प्रधानमंत्री ने खासकर इन क्षेत्रों में कॉर्पोरेट इंडिया की विफलताओं पर जोर दिया : हम खनिज लोहा जैसे कच्चे माल का निर्यात क्यों करते हैं? हमारे पास बॉक्साइट का खजाना है, फिर भी हम तैयार स्टील और विशेष एलुमिनियम एलॉय का आयात क्यों करते हैं? हम भारी मात्रा में दवाओं का निर्यात करते हैं, इसके बावजूद ‘एपीआई’ (दवाएं बनाने वाली सामग्री) के लिए चीन पर निर्भर क्यों हैं? लेकिन सत्ता पीएमओ तक सिमट गई है, जिसके ऊपर खुद इतना बोझ है कि वह हर चीज को नहीं देख सकता। इसलिए फैसले नौकरशाही करती है। कॉर्पोरेट इंडिया ने इस स्थिति से समझौता कर लिया है। वह उस तरीके से काम चला रहा है, जो उसे सबसे अच्छी तरह मालूम है : मुनाफे में से कुछ हिस्सा इस तरह बांटना कि वह कानूनन वैध और साफ-सुथरा हो, लेकिन जो बहुत कुछ कहता हो। खासकर वित्त मंत्रालय से रिटायर होने वाले सचिवों की संख्या देखें, जिन्होंने प्रभावशाली कंपनियों के बोर्डों में जगह बनाई है या निजी क्षेत्र के तमाम बैंकों व शेयर बाजार के हाल में सूचीबद्ध हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के अध्यक्ष बने हैं। सरकार आर्थिक सुधार तो कर रही है लेकिन वह जितने सुधार करने की सोचती है, उससे ज्यादा नौकरशाही के हाथ मजबूत हो जाते हैं। कॉर्पोरेट इंडिया संकेत देकर पहले ही उससे सुलह कर लेता है। यही विरोधाभास है। इसका नतीजा यह है कि ऊपर के स्तर पर जो विकेंद्रीकरण होता है, वह बीच में आकर ठिठक जाता है। सरकार नीतिगत भ्रम से अछूती नहीं है। 1991 के बाद से तमाम वित्त मंत्री यही कहते रहे हैं कि आर्थिक सुधारों का सार संतुलित, अनुमान योग्य टैक्स व्यवस्था है। यह बात आप इस सरकार के बारे में नहीं कह सकते, जो कंपनियों पर जिस दर से टैक्स लगाती है, उससे लगभग दोगुनी दर पर व्यक्तियों पर टैक्स लगाती है। इसकी उल्लेखनीय मिसाल यह है कि उसने ‘सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड’ पर कैपिटल गेन्स टैक्स में छूट में पिछली तारीख से बदलाव कर दिए। 2007 में ‘सीआईआई’ की आमसभा में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी कॉर्पोरेट लीडरों को इसलिए फटकार लगाई थी कि वे खुद ऊंचे वेतन लेते हैं। विडंबना यह है कि उस समय जो मूड और संदेश था, वह आज के हिसाब से उलटा था। उस समय ‘सीआईआई’ के प्रमुख सुनील मित्तल ने इसके जवाब में अपने वेतन-बोनस का बड़ा हिस्सा दान में देने का फैसला किया था। उस समय मैंने लिखा था कि कॉर्पोरेट इंडिया को प्रधानमंत्री से कहना चाहिए था कि वे उनका वेतन नहीं तय करते। अगर वे ईमानदारी से टैक्स जमा कर रहे हैं तो उन्हें अकेला छोड़ देना चाहिए। बेशक, ऐसा कुछ नहीं हुआ। कॉर्पोरेट इंडिया ने ‘सीएसआर’ जैसे प्रतिगामी विचार को भी कबूल कर लिया। वृद्धि के अनुपात में निवेश नहीं
हम जानते हैं कॉर्पोरेट इंडिया ने 7 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की है, लेकिन वह उसी अनुपात में निवेश, विस्तार नहीं कर रहा है, रोजगार नहीं बढ़ा रहा है। स्टार्ट-अप कंपनियां बढ़ रही हैं लेकिन उद्यमशीलता पर बर्फ पड़ी हुई है। ज्यादातर वृद्धि सरकारी खर्चों, खासकर विशाल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्चों के बूते हो रही है। (ये लेखक के अपने विचार हैं)