राजदीप सरदेसाई का कॉलम:हमारे क्रिकेट बोर्ड के फैसलों में और पारदर्शिता की जरूरत है

Nov 26, 2026 - 02:00 - 14:00  110
राजदीप सरदेसाई का कॉलम:हमारे क्रिकेट बोर्ड के फैसलों में  और पारदर्शिता की जरूरत है
क्या जीवन का कोई ऐसा क्षेत्र नहीं हो सकता, जिसे सांप्रदायिकता से अछूता रखा जा सके? यह सवाल महात्मा गांधी ने 1940 में प्रस्तावित बॉम्बे पेंटांगुलर क्रिकेट टूर्नामेंट के बारे में पूछा था। धार्मिक समुदायों के आधार पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के विचार से गांधी बेहद असहज थे। मशहूर बॉम्बे क्वाड्रैंगुलर की शुरुआत यूरोपीय और पारसी टीमों के बीच मुकाबले से हुई थी। बाद में इसमें हिंदू और मुस्लिम टीमें भी शामिल कर ली गईं। गांधी चाहते थे कि यह सांप्रदायिक विभाजन खत्म हो। आखिर 1946 में पेंटांगुलर टूर्नामेंट बंद कर दिया गया। गांधी के उपरोक्त सवाल को लगभग 86 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी वह उतना ही प्रासंगिक लगता है। भारतीय क्रिकेट की बड़ी उपलब्धियों में से एक यह रही है कि वह धार्मिक और क्षेत्रीय विभाजनों से आगे निकलने में सफल रहा है। इसके बावजूद, मोहम्मद शमी, सरफराज खान और अब मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर रखे जाने के बाद आरोप लगने लगे हैं कि मुस्लिम क्रिकेटरों के साथ अलग तरह का बर्ताव किया जा रहा है। क्या हम भारतीय क्रिकेट को फिर पीछे ले जाने लगे हैं, जबकि इस समय हमें उसकी अब तक की उपलब्धियों का जश्न मनाना चाहिए? यह कहने में मुझे कोई हिचक नहीं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन से सिराज को बाहर रखना क्रिकेट के लिहाज से एक संदिग्ध फैसला था। वे भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं, खासकर विदेशी परिस्थितियों में। उन्हें टीम से बाहर रखने के फैसले पर टीम प्रबंधन को क्रिकेटप्रेमियों के सामने ठोस सफाई देनी चाहिए। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा है कि सिराज की धार्मिक पहचान उन्हें टीम से बाहर रखने की वजह है। यह एक गंभीर आरोप है, जिसके लिए ठोस सबूतों की जरूरत है। चयन का कोई संदिग्ध फैसला अपने आप सांप्रदायिक फैसला नहीं बन जाता। हालांकि, बीसीसीआई को इस मामले में पैदा हुए संदेह की कुछ जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। दुनिया का यह सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड अब भी बहुत गैर-पारदर्शी ढंग से काम करता है। एक खिलाड़ी को दूसरे के बजाय क्यों चुना गया? फॉर्म, फिटनेस, कार्यभार और टीम के संयोजन को लेकर क्या विचार किए गए? शानदार रिकॉर्ड वाले अनुभवी खिलाड़ियों को टीम से बाहर क्यों रखा जाता है? ये ऐसे सवाल हैं, जिनके ज्यादा स्पष्ट जवाब दिए जाने चाहिए। स्वतंत्र भारत ने क्वाड्रैंगुलर और पेंटांगुलर के सांप्रदायिक मॉडल से सचेत रूप से दूरी बनाई। रणजी ट्रॉफी प्रमुख घरेलू प्रतियोगिता बनी, जिसमें टीमें धार्मिक समुदायों के बजाय राज्यों का प्रतिनिधित्व करती थीं। बाद में, चयन की क्षेत्रीय प्रणाली आई, जो 1950 के दशक से लेकर 1970 के दशक तक भारतीय क्रिकेट पर हावी रही। इसका आधार क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व था। इस व्यवस्था की अपनी सीमाएं थीं, लेकिन धर्म अब टीमों के गठन का आधार नहीं रह गया था। इफ्तिखार अली खान पटौदी ने 1946 में भारत की कप्तानी की थी। उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी भारत के सबसे सम्मानित कप्तानों में से एक बने। गुलाम अहमद भी एक प्रतिष्ठित कप्तान थे। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कई वर्षों तक भारतीय टीम की कमान संभाली। ये नियुक्तियां भारत की धर्मनिरपेक्ष छवि प्रदर्शित करने के लिए प्रतीकात्मक तौर पर नहीं की गई थीं। ये ऐसे क्रिकेटर थे, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर टीम में जगह बनाई थी। जहीर खान, इरफान-यूसुफ पठान, मोहम्मद कैफ, मुनाफ पटेल जैसे खिलाड़ियों ने भी शानदार ढंग से भारतीय जर्सी पहनी है। अपनी धार्मिक पहचान के परे वे बस एक भारतीय क्रिकेटर थे, जो देश का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। ऐसा ही होना भी चाहिए। (ये लेखक के अपने विचार हैं)